Top 5 This Week

Related Posts

‘भारत को लोकतंत्र पर सीख देना गलत’, मेलोनी की सहयोगी ने इटली के नेता को लगाई फटकार

नई दिल्ली। भारत में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे को लेकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सहयोगी और सांसद डेबोरा बर्गमिनी ने इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि किसी मित्र देश के आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी नेताओं को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

दरअसल, हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘भारत समिट 2026’ में शामिल हुए पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था। उन्होंने भारत में लोकतंत्र पर खतरा बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी का समर्थन किया था।

फिलिबेक की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए डेबोरा बर्गमिनी ने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोपों को साबित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित व्यक्ति की होती है। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी है। ऐसे में किसी मित्र देश की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है।

बर्गमिनी ने कहा कि भारत में करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे देश को यूरोपीय नेताओं की ओर से लोकतंत्र पर उपदेश देना उचित नहीं है। भारत के पास अपने राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत विवादों का समाधान करने में सक्षम हैं।

भाजपा ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

फिलिबेक के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना की। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सवाल उठाया कि क्या किसी विदेशी व्यक्ति द्वारा भारत की आलोचना किए जाने पर किसी भारतीय नेता को हंसते हुए देखा गया है? वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी नेताओं के माध्यम से भारतीय राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने फिलिबेक का बचाव करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर अपनी राय रखने का अधिकार सभी को है।

इस घटनाक्रम ने भारत के आंतरिक राजनीतिक मुद्दों पर विदेशी नेताओं की टिप्पणियों और भारत-इटली के कूटनीतिक संबंधों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Popular Articles