Top 5 This Week

Related Posts

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- विदेश में भारत को बदनाम करने से नहीं मिलेगी सत्ता

पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विदेशों में भारत, उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों को बदनाम करने से कांग्रेस को सत्ता हासिल नहीं होगी। यदि राहुल गांधी सत्ता में वापसी चाहते हैं तो उन्हें विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाकर लोगों से जुड़ना चाहिए।

अमित शाह रविवार को महाराष्ट्र के पुणे में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव लिमिटेड के पुनरुद्धार की आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर को आयोजित भारत समिट में राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधा।

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने भारत की छवि और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।

कांग्रेस को 30 साल तक सत्ता से दूर रहने की चेतावनी

गृह मंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने नेतृत्व के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत और हार राजनीतिक दलों तथा उनके नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। यदि कांग्रेस इसी राजनीतिक दिशा पर चलती रही तो उसे अगले 30 वर्षों तक सत्ता से बाहर रहना पड़ सकता है।

शाह ने 2004 से 2014 तक के कांग्रेस शासनकाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौरान 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सरकार का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार मुक्त रहा है।

सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

अमित शाह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कृषि, उद्योग, अंतरिक्ष कार्यक्रम, स्टार्टअप, रेलवे आधुनिकीकरण, विमानन और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अलग मंत्रालय का गठन भी मोदी सरकार की महत्वपूर्ण पहल रही है।

वहीं, अमित शाह के पुणे दौरे के दौरान कांग्रेस की स्थानीय इकाई ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने पर पुलिस की आलोचना की। कांग्रेस ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया।

Popular Articles