नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के अभिषेक अवस्थी ने अपनी उपलब्धि से देश का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी अभिषेक अवस्थी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत स्थित ग्रेटर बेंडिगो शहर के पहले भारतीय मूल के मेयर चुने गए हैं। उन्हें वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी इस उपलब्धि से भारतवंशियों में खुशी की लहर है।
अभिषेक अवस्थी ने 9 नवंबर को बेंडिगो के कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में मेयर पद की शपथ ली। उनके चुनाव के दौरान करीब 250 लोग मौजूद थे। शहर के काउंसिल सदस्यों ने उन्हें सर्वसम्मति से मेयर चुना। वहीं, एंड्रिया मेटकाफ को उपमेयर की जिम्मेदारी दी गई है। उनका कार्यकाल एक वर्ष का होगा।
2008 में पढ़ाई के लिए गए थे ऑस्ट्रेलिया
हिमाचल प्रदेश के मंडी के लोअर समखेतर निवासी अभिषेक अवस्थी वर्ष 2008 में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए ऑस्ट्रेलिया गए थे। उन्होंने ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी और बायोइन्फॉर्मेटिक्स की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने पार्ट टाइम काम भी किया। वर्ष 2010 में वह ग्रेटर बेंडिगो में बस गए और वर्ष 2015 में ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता प्राप्त की।
काउंसलर से मेयर तक का सफर
अभिषेक अवस्थी ने नवंबर 2024 में केनिंगटन वार्ड से काउंसिलर का चुनाव जीतकर स्थानीय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वह 2024-25 के कार्यकाल में ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के उपमेयर बने। अब दो साल के भीतर मेयर पद तक पहुंचकर उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया है।
अवस्थी ने वर्ष 2021 में इंडियन एसोसिएशन ऑफ बेंडिगो की स्थापना भी की थी। इसके माध्यम से वह भारतीय समुदाय को एकजुट करने और सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम करते रहे हैं।
मेयर चुने जाने पर अवस्थी ने अपने साथी काउंसिल सदस्यों, परिवार और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह शहर के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
उनकी इस उपलब्धि पर भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी बधाई दी है। मंडी सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में उनकी सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।





