Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में हवाई यातायात संकट गहराया, दो दिनों में 15 हजार से अधिक उड़ानें रद; लाखों यात्री परेशान

वाशिंगटन। अमेरिका में हवाई यातायात का संकट लगातार गहराता जा रहा है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के संचार नेटवर्क में तकनीकी खराबी के कारण दो दिनों में 15 हजार से अधिक उड़ानें रद हो गईं, जबकि हजारों उड़ानों में देरी हुई। इस व्यवधान से देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए और उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हुई।

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से देशभर में विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी थी। यह रोक करीब पांच घंटे तक रही। इसके बाद उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई, लेकिन विमानन सेवाओं को सामान्य होने में समय लग रहा है।

संचार नेटवर्क में खराबी बनी संकट की वजह

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों के संचार नेटवर्क में आई तकनीकी समस्या के कारण रडार और संचार प्रणालियों के संचालन में अस्थिरता पैदा हुई। परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि नेटवर्क के स्विच और राउटर पर अत्यधिक डेटा का दबाव पड़ने से सिस्टम में गड़बड़ी हुई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला किया गया।

अधिकारियों ने फिलहाल साइबर हमले या किसी बाहरी साजिश के प्रमाण मिलने से इनकार किया है। हालांकि, तकनीकी खराबी के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

डेल्टा और यूनाइटेड समेत कई एयरलाइंस प्रभावित

इस संकट का सबसे अधिक असर डेल्टा एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस, अमेरिकन एयरलाइंस और जेटब्लू जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों पर पड़ा। उड़ानें रद होने और देरी के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने, टिकट दोबारा बुक कराने और लंबा इंतजार करने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

एफएए प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने कहा कि विमानन सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में रविवार देर तक का समय लग सकता है। एयरलाइंस अपने विमानों और क्रू सदस्यों को दोबारा निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं।

पुरानी तकनीक पर उठे सवाल

इस घटना के बाद अमेरिका की हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली की पुरानी तकनीक और बुनियादी ढांचे पर सवाल उठने लगे हैं। परिवहन मंत्री सीन डफी ने सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की अतिरिक्त धनराशि की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक संचार और नियंत्रण प्रणाली विकसित करना जरूरी है।        

Popular Articles