Top 5 This Week

Related Posts

गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट की पुणे में इमरजेंसी लैंडिंग, 192 यात्री थे सवार

पुणे। पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। स्थिति को देखते हुए रविवार सुबह पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। विमान में सवार सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) ने पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के तुरंत बाद विमान के लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी सामने आई। पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने इंडिगो, भारतीय वायुसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर आपातकालीन सुरक्षा प्रक्रिया शुरू की।

रनवे के ऊपर से गुजरा विमान

सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया।

सुबह 9:10 बजे विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित पाए जाने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली। इसके बाद एयरोब्रिज के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था

इंडिगो ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को वापस पुणे लाना पड़ा। संबंधित विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत की जा रही है। यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

Popular Articles