लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने आधिकारिक रूप से ब्रिटेन की नागरिकता हासिल कर ली है। करीब 16 वर्षों से ब्रिटेन में रह रहे ललित मोदी ने शनिवार, 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिली थी। इस उपलब्धि को उन्होंने अपने जीवन का गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए ब्रिटिश नागरिक बनने पर खुशी जताई। उन्होंने लिखा कि यह उनके जीवन का एक नया अध्याय है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता मिलने का जश्न मनाया था।
मोदी ने कहा कि ब्रिटेन लंबे समय से उनका घर रहा है और यहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं तथा मूल्यों के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है। उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता को सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी बताया।
किंग चार्ल्स के जन्मदिन पर किया ऐलान
ललित मोदी ने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन के अवसर पर अपनी नागरिकता की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनियन में संबोधन का अवसर मिलने पर आभार व्यक्त किया और अपने परिवार तथा दोस्तों को धन्यवाद दिया। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘गॉड सेव द किंग’ लिखकर ब्रिटिश राजशाही के प्रति सम्मान जताया।
2010 से ब्रिटेन में रह रहे हैं ललित मोदी
गौरतलब है कि ललित मोदी वर्ष 2008 में शुरू हुई इंडियन प्रीमियर लीग के प्रमुख सूत्रधार रहे हैं। उन्होंने आईपीएल को दुनिया की सबसे लोकप्रिय और व्यावसायिक रूप से सफल टी-20 क्रिकेट लीगों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
हालांकि, आईपीएल से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के बाद वह वर्ष 2010 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। भारत में उनके खिलाफ वित्तीय मामलों से संबंधित जांच चलती रही है।
ब्रिटिश नागरिकता के बाद फिर चर्चा में
ललित मोदी ने कहा कि उनका जीवन विभिन्न संस्कृतियों और अनुभवों से प्रभावित रहा है। वह भविष्य में ब्रिटेन के विकास और समाज में सकारात्मक योगदान देना चाहते हैं।
उनकी ब्रिटिश नागरिकता की घोषणा ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत में उनसे जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर सवाल बने हुए हैं। इस नए घटनाक्रम के बाद ललित मोदी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।




