Top 5 This Week

Related Posts

एनवीडिया विवाद पर मार्को रुबियो का सख्त रुख, ट्रंप को भेजे गोपनीय मेमो में चीन की जासूसी का जताया खतरा

वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गोपनीय मेमो भेजकर कड़ा रुख अपनाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, रुबियो ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए से मिली जानकारी के आधार पर तैयार मेमो में हुआंग के एक चीनी महिला से कथित संबंधों और चीन की जासूसी गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, रुबियो ने सीआईए के आकलन को अपने शब्दों में दोबारा तैयार किया और उसमें अधिक सख्त भाषा का इस्तेमाल किया। मेमो में जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक बताया गया था। एलिस हुआंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह जताया गया है।

चीन को तकनीक पहुंचने का खतरा

एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। इस कंपनी का एनवीडिया के साथ व्यावसायिक संबंध रहा है। अमेरिकी एजेंसियों को संदेह था कि कंपनी के माध्यम से उन्नत एआई चिप चीन तक पहुंचाई जा सकती हैं। अमेरिका इन चिपों के निर्यात पर राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण प्रतिबंध और नियंत्रण लगाता रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रुबियो का मेमो ट्रंप प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के बीच प्रसारित हुआ था। इस खुलासे के बाद वाशिंगटन में एनवीडिया और चीन को लेकर चल रही नीतिगत खींचतान और तेज हो गई।

ट्रंप ने मामले को ज्यादा तवज्जो नहीं दी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्हें मेमो पढ़ने की याद नहीं है और इस जानकारी का उन पर खास प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने जेनसन हुआंग का बचाव करते हुए कहा कि हुआंग ने उन्हें बताया था कि उन्हें महिला के कथित जासूस होने की जानकारी नहीं थी।

एनवीडिया की जांच से बढ़ी मुश्किलें

विवाद सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की। हुआंग ने भी अपने निजी संबंधों को लेकर सार्वजनिक रूप से स्वीकारोक्ति की और परिवार से माफी मांगी।

इस पूरे प्रकरण ने अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता की तकनीक और चीन को उन्नत चिपों की आपूर्ति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Popular Articles