Top 5 This Week

Related Posts

रानीखेत में हरियाणा के पर्यटकों की चलती कार बनी आग का गोला, छह लोगों की बची जान

रानीखेत। उत्तराखंड के रानीखेत में शनिवार तड़के हरियाणा से आए पर्यटकों की चलती कार में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे एक वाहन चालक की सतर्कता से कार में सवार सभी छह लोगों की जान बच गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी प्रवीण कुमार शाह और परितोष शाह अपने परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी लोग कार संख्या HR 05 BJ 7012 से बैजनाथ मंदिर, गरुड़ (बागेश्वर) जा रहे थे।

बताया गया कि देर रात खैरना-रानीखेत स्टेट हाईवे पर पिलखोली क्षेत्र पार करने के बाद कार में अचानक आग सुलगने लगी। हालांकि, कार सवारों को इसकी जानकारी नहीं थी और वे रानीखेत की ओर बढ़ते रहे।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने कार को ओवरटेक कर उसमें आग लगने की जानकारी दी और तत्काल गाड़ी रोककर बाहर निकलने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही चालक ने कार रोक दी। सभी छह लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। उनके बाहर निकलते ही कार लॉक हो गई और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।

दमकल पहुंचने तक जल चुकी थी कार

घटना की सूचना प्रवीण कुमार ने तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर दी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रवीण के अनुसार, कार के डैशबोर्ड में यात्रा के खर्च के लिए रखे करीब 60 हजार रुपये और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।

समय रहते पीछे से आ रहे वाहन चालक द्वारा दी गई सूचना और पर्यटकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

Popular Articles