नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शंकर विहार फ्लाईओवर पर शुक्रवार को एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। हालांकि, कार में सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग बालाजी, सालासर और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए तीर्थयात्रा पर गए थे। वापसी के दौरान शंकर विहार फ्लाईओवर पर उन्हें कार से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी लोग कार से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी पर चले गए।
दोस्त से मांगकर लाए थे कार
कार चला रहे सौरभ जैन ने बताया कि वाहन उनके एक दोस्त का था, जिसे वे तीर्थयात्रा के लिए मांगकर लाए थे। उन्होंने बताया कि वापसी के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा। जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, उसमें आग लग गई। सभी लोग तुरंत बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
आग ने कुछ ही देर में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जल गया। घटना के बाद फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।





