Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी की तारीफ पर मचे सियासी बवाल पर बोले सैम पित्रोदा, ‘हंगामा क्यों है बरपा?’

नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ किए जाने के बाद देश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। अब पित्रोदा ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया है कि प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देने और उनकी तारीफ करने पर इतना हंगामा क्यों हो रहा है?

पित्रोदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं। दोनों के बीच मतभेद राजनीतिक और वैचारिक हैं, व्यक्तिगत नहीं। उन्होंने कहा कि वह नरेंद्र मोदी को लंबे समय से जानते हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले भी उनकी मुलाकात होती रही है और वह गुजरात में उनके घर भी जा चुके हैं।

मोदी को बताया मेहनती और अच्छा वक्ता

सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी को मेहनती और अच्छा वक्ता बताया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर मोदी उनके मित्र और शुभचिंतक हैं। उनका व्यवहार उनके प्रति हमेशा आत्मीय और अच्छा रहा है। पित्रोदा ने कहा कि वह गांधीवादी हैं और सभी का सम्मान करते हैं। विचारधारा अलग होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्तिगत संबंध भी खराब हों।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दीपावली और गुजराती नववर्ष के अवसर पर सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी अंजना को शुभकामनाएं दी थीं। इसके जवाब में पित्रोदा ने भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की थी। इसके बाद दोनों के बीच इस सौहार्दपूर्ण बातचीत को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।

कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को किया खारिज

पित्रोदा की प्रधानमंत्री की तारीफ पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने सवाल उठाते हुए उनके भाजपा में जाने की संभावना जताई थी। इस पर पित्रोदा ने नाराजगी जाहिर करते हुए ऐसी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कभी कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे।

1984 के दंगों पर भी दी सफाई

1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर दिए गए अपने पुराने बयान पर भी पित्रोदा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी बात को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया था। उनका उद्देश्य अतीत को भुलाना नहीं, बल्कि भविष्य की ओर आगे बढ़ने की बात करना था।

पित्रोदा ने भाजपा की ओर से कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत के लगाए गए आरोपों को भी बेबुनियाद बताया।

Popular Articles