Top 5 This Week

Related Posts

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से विमान सेवाएं प्रभावित, दिल्ली से 3 उड़ानें रद; 2 में देरी

नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी का असर अब भारत की विमान सेवाओं पर भी देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह दिल्ली से संचालित स्पाइसजेट की तीन उड़ानें रद कर दी गईं, जबकि दो उड़ानों में देरी हुई। इस व्यवधान के बाद एयरलाइंस और दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट ने दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद कर दीं। वहीं, दिल्ली से दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो उड़ानें देरी से संचालित हुईं। माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या के कारण डिजिटल सेवाओं में आई बाधा को इस व्यवधान की वजह बताया गया है।

एअर इंडिया की उड़ानों पर असर नहीं

इस बीच एअर इंडिया ने स्पष्ट किया कि माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बावजूद उसकी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और उसके संचार माध्यम भी काम कर रहे हैं।

यात्रियों को ईमेल के माध्यम से मिलने वाली जानकारी में रुकावट न आए, इसके लिए कंपनी ने ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे माध्यम से भेजने की व्यवस्था की है। एअर इंडिया के मुताबिक, यात्रियों के ईमेल का जवाब निर्धारित 24 घंटे की समयसीमा में दिया जा रहा है।

इंडिगो और अकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई गड़बड़ी को देखते हुए इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोनों एयरलाइंस ने बताया कि उनकी ईमेल सपोर्ट सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, अन्य सहायता माध्यम उपलब्ध हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल एप पर जरूर जांच लें।

गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी से आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसे प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने समस्या की जांच करते हुए सेवाओं को सामान्य करने के प्रयास शुरू किए हैं।

Popular Articles