Top 5 This Week

Related Posts

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बना डाला मां की हत्या का खूनी प्लान, सेना का जवान गिरफ्तार

तीन साल पुरानी रंजिश ने ली 56 वर्षीय विमला देवी की जान, डंडों और लोहे के पाने से पीटने के बाद नदी में डुबोकर मार डाला, दो साथियों समेत तीन गिरफ्तार

हल्द्वानी/रामनगर। तीन साल पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए एक बेटे ने ऐसी खूनी साजिश रची कि इंसानियत भी शर्मसार हो गई। पिता की हत्या का बदला लेने की सनक में भारतीय सेना के एक जवान ने दो साथियों के साथ मिलकर 56 वर्षीय विमला देवी को मौत के घाट उतार दिया। पहले घर से उठाकर बेरहमी से पीटा, फिर दाबका पुल के पास पानी में डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को वापस लाकर घर के बाहर फेंक दिया। नैनीताल पुलिस ने हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए सेना के जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रामनगर कोतवाली में प्रेस वार्ता कर हत्याकांड की परतें खोलीं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटे आरोपी बनाए गए थे और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इसी रंजिश को पालकर मोहित ने विमला देवी और उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली।

सीसीटीवी ने खोली खूनी साजिश की पोल 10 नवंबर को किशनपुर छोई गांव में त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर विमला देवी का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस और एसओजी की टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। पहले पीटा, फिर पानी में डुबोकर मार डाला

पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित ने रामनगर के दो युवकों को अपने साथ मिलाया। तीनों विमला देवी के घर पहुंचे और डंडों तथा लोहे के पाने से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद महिला को जबरन वाहन में डालकर दाबका पुल के पास ले गए। वहां करीब आधे घंटे तक पानी में डुबोए रखा, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को वापस लाकर घर के पास फेंककर फरार हो गए। दो बेटों को भी मारने की थी साजिश

आरोपियों की योजना केवल विमला देवी की हत्या तक सीमित नहीं थी। मुख्य आरोपी उनके दोनों बेटों को भी रास्ते से हटाना चाहता था। पुलिस की कार्रवाई से पहले ही आरोपियों के मंसूबे पूरे हो जाते तो एक ही परिवार में कई जानें जा सकती थीं।

रेलवे मैदान के पास दबोचे गए दो आरोपी पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल निवासी किशनपुर छोई को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। वहीं उसके साथी सैरान और मो. अब्बूजर निवासी खताड़ी, रामनगर को रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे फरार होने की फिराक में थे।हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। एसएसपी ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को दो हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles