क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में गुरुवार को पाकिस्तानी सेना के कैंप पर विस्फोटकों से भरे ट्रक से आत्मघाती हमला किया गया। कनक इलाके में हुए इस भीषण विस्फोट में दर्जनों सैन्यकर्मियों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। हालांकि, पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
जानकारी के मुताबिक, हमलावर विस्फोटकों से भरा ट्रक लेकर सेना के मुख्य शिविर में घुस गया और उसे परिसर से टकरा दिया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे सैन्य परिसर को भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
BLA ने 18 सैनिकों की मौत का किया दावा
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें कम से कम 18 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। संगठन के मुताबिक, हमले को उसकी मजीद ब्रिगेड और फतेह स्क्वाड ने अंजाम दिया। हालांकि, संगठन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी ओर, बलूचिस्तान पुलिस ने अलग जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने कंदावा पोस्ट पर हुए हमले को नाकाम कर दिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर मारे गए, जबकि दो नागरिकों की जान गई और कई लोग घायल हुए। तीन फ्रंटियर कोर के जवान भी घायलों में शामिल बताए गए हैं।
बलूचिस्तान में लगातार बढ़ रहे हमले
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे पहले मस्तुंग में ड्रोन हमले और कलात जिले में आईईडी विस्फोट की घटनाएं सामने आई थीं।
फिलहाल सेना के कैंप को हुए नुकसान और सैन्यकर्मियों के हताहत होने की वास्तविक संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।





