दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैरा अमीरात में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसके बाद उनमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय नागरिकों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। हादसे में कुल 23 वाहन शामिल थे, जिनमें 18 कारें और पांच ट्रक थे।
ट्रक पलटने के बाद कई वाहनों में लगी आग
यूएई के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसा फुजैरा में शेख खलीफा बिन जायद रोड पर अमीरात के प्रवेश द्वार के पास हुआ। ट्रक चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पहले ट्रक की टक्कर एक अन्य वाहन से हुई और फिर वह पलट गया। इसके बाद सड़क पर धीमी गति से चल रहे और रुके हुए कई वाहनों को उसने अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
केरल के एक परिवार के तीन भारतीयों की मौत
हादसे में केरल के मलप्पुरम जिले के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। इनमें 21 वर्षीय जुड़वां भाई-बहन मोहम्मद अस्मिल सिद्दीकी और मिस्ना जुबिन सिद्दीकी तथा उनका तीन वर्षीय भांजा मोहम्मद फैज शामिल हैं।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
15 घायलों को अस्पताल से मिली छुट्टी
फुजैरा पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल 30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था। इनमें से 15 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 का इलाज जारी है। मृतकों में यूएई सहित कई देशों के नागरिक शामिल हैं। कुछ शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।




