Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों पर भाजपा का पलटवार, कहा- अपने दिमाग की जांच कराएं

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने के आरोपों के बाद भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल गांधी के दावों को खारिज करते हुए उन्हें अपना मानसिक परीक्षण कराने की सलाह दी है।

दरअसल, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि उनके फोन में उनके सभी आरोपों के सबूत मौजूद हैं। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री को भी इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप कराया जा रहा है।

राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इस बहस से देश को पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कई ऐसी जानकारियां हैं, जिनका खुलासा बहस के दौरान किया जा सकता है।

राजीव चंद्रशेखर ने साधा निशाना

राहुल गांधी के आरोपों पर केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपना मानसिक परीक्षण करवाना चाहिए। किसी को भी उनका फोन टैप करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी को उनके फोन में दिलचस्पी है भी, तो सिर्फ यह जानने में कि उनका दिमाग दिन-प्रतिदिन झूठ पर ही क्यों चलता है।

स्क्रिप्ट को लेकर भी पीएम पर टिप्पणी

इससे पहले राहुल गांधी ने एक अन्य वीडियो साझा कर प्रधानमंत्री मोदी पर स्क्रिप्ट के सहारे भाषण देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि मंच और माहौल प्रधानमंत्री का होने के बावजूद उन्हें स्क्रिप्ट की जरूरत पड़ गई। राहुल ने इसे दबाव का असर बताया।

गौरतलब है कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दे रहे हैं। वहीं, भाजपा इस मांग को खारिज करते हुए राहुल गांधी को संसद में मुद्दे उठाने की सलाह दे रही है। इस बयानबाजी से दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

Popular Articles