हल्द्वानी। शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी के दावों के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुखानी क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ होटल में कथित दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपियों में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका युवक भी शामिल बताया जा रहा है। घटना बृहस्पतिवार रात की बताई जा रही है, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। नाबालिग से जुड़े इतने गंभीर मामले में गिरफ्तारी का इंतजार पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। होटल ले गया, फिर फरार हुआ आरोपी
बृहस्पतिवार रात आरोपी किशोरी को मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। शुक्रवार को परिजन मुखानी कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इनमें एक युवक छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की जानकारी भी सामने आई है। मामले की जांच महिला दरोगा को सौंपी गई है। दो टीमें गठित, गिरफ्तारी का इंतजार एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
होटल पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी सवाल यह भी कि पुलिस को भनक क्यों नहीं लगी?
नाबालिग किशोरी को होटल तक ले जाने और फिर आरोपी के फरार हो जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के दावों के बीच आरोपी की गिरफ्तारी अब सबसे बड़ी चुनौती है। सवाल साफ है—नाबालिग को न्याय दिलाने के लिए पुलिस कितनी तेजी दिखाती है, या फिर मामला केवल जांच और दबिश के दावों तक ही सिमटकर रह जाएगा?




