Top 5 This Week

Related Posts

मोबाइल कारोबार की रंजिश ने ली खूनी शक्ल, जिला अस्पताल में चाकू से गोदकर दुकानदार की हत्या

अस्पताल बना जंग का मैदान, उपचार कराने पहुंचे युवक पर ताबड़तोड़ वार; मौत के बाद दोनों पक्षों में फिर भिड़ंत, भारी पुलिस बल तैनात

हल्द्वानी/रुद्रपुर। दुकानों के बीच शुरू हुई कारोबारी वर्चस्व की लड़ाई ने एक युवक की जान ले ली। मोबाइल कारोबार की पुरानी रंजिश शुक्रवार को ऐसी खूनी दुश्मनी में बदली कि जिला अस्पताल तक खून से लाल हो गया। पहले दुकानों के सामने मारपीट हुई और फिर घायलों के उपचार के दौरान अस्पताल परिसर में राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) को चाकू से गोद दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े अस्पताल में हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा-आवास विकास में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों के बीच लंबे समय से कारोबारी प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह यही तनातनी हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां भी विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि अस्पताल परिसर में ही राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमलावरों ने एक के बाद एक कई वार किए। लहूलुहान हालत में युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयास नाकाम रहे और उसकी मौत हो गई।

पुलिस के सामने फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष

अस्पताल में हत्या की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। भारी पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंचा। घटना की जानकारी लेने पहुंचे एसपी सिटी प्रमोद कुमार के सामने ही दोनों पक्ष फिर भिड़ने को आमादा हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। एहतियातन अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

Popular Articles