Top 5 This Week

Related Posts

सरकारी अस्पतालों की बदहाली, निजी अस्पतालों की महंगी चिकित्सा… आखिर गरीब जाए तो जाए कहां?

इलाज के इंतजार में टूट रही सांसें, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल; निजी अस्पतालों का बिल गरीब परिवारों की कमर तोड़ रहा, अब प्रसूता की मौत पर मचा हंगामा

हल्द्वानी। कुमाऊं की स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र कहे जाने वाले हल्द्वानी में मरीजों की जिंदगी इलाज और व्यवस्था के बीच झूलती नजर आ रही है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की दुश्वारियां और निजी अस्पतालों के भारी-भरकम बिल आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। सुशीला तिवारी अस्पताल, महिला अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में आए दिन सामने आ रही मौतों की घटनाओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।

परिजनों का आरोप है कि गर्भवती महिला का बुधवार को बिना समुचित जांच के ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां देर रात उसकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे। अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच तीखी झड़प हुई और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, लापरवाही के आरोप

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित जांच और उपचार किया जाता तो महिला की जान बच सकती थी। सूचना पर कोतवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली। तड़के परिजन शव लेकर गोलापार स्थित अपने घर रवाना हो गए।

सरकारी अस्पतालों पर सवाल, निजी अस्पतालों में महंगा इलाज
स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज और समय पर सुविधाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं? वहीं निजी अस्पतालों में उपचार का खर्च इतना अधिक है कि गरीब परिवार इलाज कराने के लिए कर्ज तक लेने को मजबूर हो जाते हैं।

जिम्मेदारी किसकी, जवाब देगा कौन?

एक तरफ सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर गरीब मरीज हैं, दूसरी तरफ महंगे निजी अस्पतालों का बोझ। ऐसे में आम आदमी के सामने इलाज कराना भी चुनौती बनता जा रहा है। प्रसूता की मौत के मामले में परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच होना जरूरी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
अस्पतालों में मरीजों की जान जाने के बाद ही हंगामा और जांच क्यों शुरू होती है? स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, जवाबदेही और गरीबों को सुलभ इलाज मुहैया कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?

Popular Articles