बदरीनाथ (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने की प्रक्रिया गुरुवार 12 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इसके तहत मंदिर में पांच दिनों तक पंच पूजाएं संपन्न कराई जाएंगी। भगवान बदरीविशाल के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के पहले दिन 12 नवंबर को भगवान गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके बाद 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे।
14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद कर दिया जाएगा। वहीं, 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा और उन्हें भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा।
16 नवंबर को बंद होंगे मुख्य कपाट
कपाट बंद होने के अंतिम दिन 16 नवंबर को विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी महिला का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव डोलियों को मंदिर परिसर में लाया जाएगा। रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के मुख्य कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी डोलियां
कपाट बंद होने के अगले दिन 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर की डोलियां शीतकालीन पूजा स्थल पांडुकेश्वर के योग बदरी मंदिर के लिए रवाना होंगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गरुड़ जी की डोली ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी।
सर्दियों में छह महीने तक भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में होगी। पंच पूजाओं को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।





