देहरादून। उत्तराखंड ने देश की रक्षा और सेवा में अपना एक और वीर सपूत खो दिया है। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी भारतीय सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का लेह में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उनके बलिदान की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। उन्होंने 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे ड्यूटी के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद से ही परिजनों और परिचितों का घर पर पहुंचना शुरू हो गया।
सेना में सेवा की पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया
प्रभाकर थापा का जन्म वर्ष 1984 में हुआ था। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार से मिली देशसेवा की प्रेरणा को उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य बनाया।
उन्होंने देहरादून के कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से पढ़ाई की और वर्ष 2002 बैच के छात्र रहे। स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण की। दिसंबर 2006 में उन्हें तीसरी गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला।
करीब दो दशक तक दी देश को सेवाएं
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा ने अपने लगभग 20 वर्ष के सैन्य करियर में देश के कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दीं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए उन्हें याद किया जा रहा है।
उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि देहरादून के नागनाथ क्षेत्र और सैन्य समुदाय में भी गहरा दुख है। उत्तराखंड के लोगों ने वीर अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।





