Top 5 This Week

Related Posts

व्हाइट हाउस में ट्रंप ने भारतीय समुदाय के साथ मनाई दिवाली, विशाल गोंडल ने भेंट की हनुमान चालीसा

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस मौके पर उन्होंने पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलित किया। समारोह के दौरान भारतीय उद्यमी और हेल्थ-टेक कंपनी GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।

इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के कई प्रमुख कारोबारी, अधिकारी और अन्य जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, मशहूर शेफ विकास खन्ना, पूर्व कनाडाई सांसद रूबी ढल्ला, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा और एफबीआई निदेशक काश पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी समारोह में शामिल हुए।

ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट कर जताई खुशी

विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए इस मुलाकात को खास बताया। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्हें खुशी है कि वह ट्रंप को तुलसीदास रचित हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट कर सके।

गोंडल ने बताया कि हनुमान चालीसा करोड़ों लोगों के लिए साहस, भक्ति और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने दीप प्रज्वलन के दौरान भारत और अमेरिका के बीच मित्रता मजबूत होने तथा दुनिया में शांति और समृद्धि की कामना भी की।

2003 में शुरू हुई थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा वर्ष 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने शुरू की थी। शुरुआत में समारोह का आयोजन आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में किया जाता था।

वर्ष 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीप जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। इसके बाद से व्हाइट हाउस में दिवाली के मौके पर दीप प्रज्वलन की परंपरा जारी है। ट्रंप का यह आयोजन भी इसी परंपरा का हिस्सा रहा।

Popular Articles