देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार, 6 नवंबर को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होने के साथ ही वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान (प्रेसिडेंट्स कलर) प्रदान करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परेड ग्राउंड में जनसभा को करेंगे संबोधित
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह सुबह करीब 11:50 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। भाजपा नेताओं के अनुसार, जनसभा में करीब 35 से 40 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
पुलिस को मिलेगा प्रतिष्ठित सम्मान
राज्योत्सव कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री दोपहर करीब 1:50 बजे रिजर्व पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे। यहां आयोजित समारोह में वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की विशिष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जाता है। इसे उत्तराखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दोनों कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान और डायवर्जन लागू किया गया है। परेड ग्राउंड के आसपास सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कार्यक्रम से पहले परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया था। अधिकारियों को सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अमित शाह का यह दौरा राज्य स्थापना दिवस समारोह के साथ उत्तराखंड पुलिस के लिए भी ऐतिहासिक महत्व रखता है।





