रामनगर। नैनीताल जिले के प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर परिसर के पास बृहस्पतिवार रात एक हाथी के अचानक पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथी काफी देर तक मंदिर के टीले के आसपास उत्पात मचाता रहा और तोड़फोड़ का प्रयास करता रहा। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और पुजारियों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, गर्जिया मंदिर क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पहले से बनी रहती है। इसी दौरान बृहस्पतिवार रात एक हाथी अचानक मंदिर के टीले के पास पहुंच गया। हाथी को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रसाद विक्रेता ने बनाया वीडियो
मौके पर मौजूद प्रसाद विक्रेता जितेंद्र पांडे ने हाथी की गतिविधियों का वीडियो बना लिया। उनके अनुसार, हाथी काफी देर तक मंदिर के आसपास घूमता रहा और तोड़फोड़ करने का प्रयास करता रहा। हालांकि, हाथी मंदिर परिसर में कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा सका।
पुजारियों ने वन विभाग से मांगी सुरक्षा
मंदिर के पुजारी शुभम पांडे ने घटना की जानकारी वन विभाग को देते हुए मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से श्रद्धालुओं, पुजारियों और दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने गर्जिया मंदिर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
गौरतलब है कि गर्जिया देवी मंदिर रामनगर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में वन्यजीवों की आवाजाही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई है।





