Top 5 This Week

Related Posts

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम, बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार; 18.53 लाख ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह ताजा बर्फबारी होने से बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में ढक गई। मंदिर परिसर और आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढकी नजर आईं। बर्फबारी के बाद धाम में ठंड बढ़ गई है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भक्त बर्फ से ढके मंदिर के मनमोहक नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोया।

निचले इलाकों में बारिश से गिरा तापमान

केदारनाथ धाम के साथ ही रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी मौसम ने करवट ली। जिला मुख्यालय, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है।

18.53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा के इस सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को अकेले 8,376 श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,53,032 पहुंच गई है।

11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट

केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाने हैं। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बर्फबारी और गिरते तापमान के बावजूद भक्तों की आवाजाही जारी है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील

बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े, जरूरी दवाइयां और अन्य आवश्यक सामान साथ रखने की सलाह दी है। साथ ही यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

बर्फबारी के बाद केदारनाथ धाम का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर गया है। बाबा केदार की नगरी का यह अद्भुत नजारा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Popular Articles