पटना। बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने आठ में से छह सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। शेष दो सीटों पर अभी मंथन जारी है।
RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से जारी सूची के अनुसार, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव चुनाव मैदान में उतरेंगे।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी ने पटना से दिलीप कुमार, कोसी से नितेश कुमार, दरभंगा से अनिल कुमार झा और तिरहुत से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी बनाया है। इस तरह घोषित छह उम्मीदवारों में चार स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से हैं।
RJD ने दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। पार्टी का कहना है कि इन दोनों सीटों पर विचार-विमर्श चल रहा है और बाद में फैसला लिया जाएगा।
बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। चुनाव में चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं।
RJD की ओर से सबसे पहले उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब अन्य राजनीतिक दलों की ओर से भी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने का इंतजार है।





