Top 5 This Week

Related Posts

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी सफलता, पहली एस्केप टनल हुई आर-पार

ऋषिकेश। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना ने निर्माण के क्षेत्र में एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। परियोजना की पहली निकास (एस्केप) सुरंग शुक्रवार को सफलतापूर्वक आर-पार हो गई। ढालवाला से नीर गड्डू के बीच बनी इस सुरंग के दोनों छोर जुड़ने के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगा लेकर खुशी मनाई।

यह सुरंग परियोजना के सबसे जटिल हिस्सों में शामिल है। ढालवाला से शिवपुरी तक पहली सुरंग की लंबाई करीब 10-11 किलोमीटर है। इसे दो हिस्सों में बनाया जा रहा है। नीर गड्डू से शिवपुरी वाले हिस्से की निकास सुरंग पहले ही आर-पार हो चुकी थी, जबकि शुक्रवार को ढालवाला से नीर गड्डू के बीच करीब 5.5 किलोमीटर लंबी एस्केप टनल का ब्रेकथ्रू पूरा हुआ। इसके साथ ही ढालवाला से शिवपुरी तक लगभग 11 किलोमीटर की निकास सुरंग का निर्माण पूरा हो गया है।

भूगर्भीय चुनौतियों के बीच पूरा हुआ काम

ढालवाला-नीर गड्डू क्षेत्र परियोजना के संवेदनशील हिस्सों में है। यहां बड़ी भूगर्भीय दरार के साथ कई स्थानों पर जलस्रोत भी मौजूद हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में इंजीनियरों और तकनीकी टीम ने सावधानीपूर्वक सुरंग की खुदाई पूरी की। परियोजना प्रबंधक निशीथ शर्मा के अनुसार, करीब 5.5 किलोमीटर की एस्केप सुरंग का ब्रेकथ्रू तकनीकी जटिलताओं के बीच हासिल किया गया।

मुख्य सुरंग का काम भी तेज

एस्केप टनल के बाद अब मुख्य सुरंग के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मुख्य सुरंग का लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्सा बाकी है और इसे अगले वर्ष जनवरी तक आर-पार करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना में कुल 28 सुरंगें हैं, जिनमें 22 का निर्माण पूरा हो चुका है।

125 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना का करीब 104 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। परियोजना पूरी होने के बाद ऋषिकेश से कर्णप्रयाग की यात्रा का समय करीब छह घंटे से घटकर ढाई घंटे रह जाने की उम्मीद है।

Popular Articles