Top 5 This Week

Related Posts

अल्मोड़ा में बारिश से आठ ग्रामीण सड़कें बंद, 20 हजार से अधिक लोगों का संपर्क टूटा

अल्मोड़ा, 3 सितंबर। जिले में पिछले चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़कों पर मलबा व पत्थर गिरने के कारण आठ ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद हैं। इससे इन मार्गों से जुड़े गांवों में रहने वाले 20 हजार से अधिक लोगों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।

बारिश के कारण जिले में कुल 23 सड़कें प्रभावित हुई थीं। संबंधित विभागों ने जेसीबी मशीनों की मदद से 15 मार्गों से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों को जोड़ने वाली आठ ग्रामीण सड़कें अभी भी बंद हैं। इन मार्गों के बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही, जरूरी सामान और अन्य सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

लगातार गिर रहा मलबा और पत्थर

बुधवार को भी जिले में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कई स्थानों पर पहाड़ी दरकने से सड़कों पर लगातार मलबा और पत्थर गिरते रहे। इससे सड़क खोलने के काम में भी बाधा आ रही है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें बंद मार्गों को जल्द खोलने में जुटी हैं।

इन ग्रामीण मार्गों पर यातायात बंद

जिले में बंद ग्रामीण सड़कों में मंगलता-त्रिनेली, अल्मोड़ा-घाट-कोट्लीगूंठ, जौरासी-जैखाल, द्वारसों-सिमलों, डोबा-चौसली, चौसाला-चिल, ताड़ीखेत-पीपली और मनान-सिलिंगिया ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

लगातार बारिश का असर अल्मोड़ा शहर पर भी दिखाई दिया। खराब मौसम के कारण जिला मुख्यालय के बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल रही। बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द से जल्द यातायात बहाल करना है।

Popular Articles