अल्मोड़ा, 3 सितंबर। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बीच अल्मोड़ा के क्वारब बाईपास पर मंगलवार देर रात एक भारी पेड़ टूटकर सड़क के बीचोंबीच गिर गया। पेड़ गिरने से हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एक आपातकालीन एंबुलेंस भी फंस गई।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे हुई। बारिश के दौरान पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। वाहन चालकों ने इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
कटर से काटकर हटाया पेड़
फायर सर्विस की टीम ने वुडन कटर की मदद से पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग ढाई बजे पेड़ को सड़क से हटाया जा सका। इसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारु हुआ और जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मलबे से भी आवाजाही प्रभावित
बारिश के कारण क्वारब बाईपास पर कई जगह मलबा आने से बुधवार को भी यातायात रुक-रुककर चलता रहा। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की ओर से मलबा हटाने के लिए मौके पर जेसीबी तैनात की गई है।
लोनिवि के एई कुंदन गिरी गोस्वामी ने बताया कि सड़क पर लगातार मलबा आ रहा है। इसे हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है। मलबा गिरने के कारण कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है।





