Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की खास तैयारी, 17 सितंबर से शुरू होगा महीनेभर का सेवा संकल्प अभियान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बार बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। पार्टी ने मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का फैसला किया है। अभियान के तहत देशभर में सेवा, जनकल्याण और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी यात्रा

अभियान का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि वाराणसी को जोड़ने वाली विशेष यात्राएं होंगी। दोनों स्थानों से भाजपा कार्यकर्ताओं की टीमें रवाना होंगी। करीब एक महीने तक चलने वाली इन यात्राओं के दौरान कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए केंद्र और भाजपा शासित राज्य सरकारों की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। प्रत्येक टीम प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करने की योजना है।

सेवा और जनकल्याण पर जोर

अभियान में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, युवाओं से जुड़े कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी। कई राज्यों में स्कूल-कॉलेजों में भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं कराने की भी योजना है। इसके अलावा ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

तीन तारीखों पर विशेष कार्यक्रम

भाजपा ने अभियान के दौरान 17 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को विशेष महत्व दिया है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती और 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

 

Popular Articles