Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत ढही, दो की मौत; सात लोगों के दबे होने की आशंका, जेई-एई निलंबित

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली शीश महल, शतारा में यह हादसा हुआ। दमकल विभाग को सुबह करीब 9:50 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि इमारत में पिछले तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के समय वहां कुछ मजदूर और अन्य लोग मौजूद थे। बचाव दल ने मलबे से दो शव बरामद किए हैं, जबकि एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद भी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक दो लोगों के शव निकाले जा चुके हैं और एक घायल को बचाया गया है। उन्होंने हादसे के कारणों की जांच कराने और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।

नगर निगम के दो अधिकारी निलंबित

हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) और असिस्टेंट इंजीनियर (एई) को निलंबित कर दिया है। वहीं, निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण के लिए स्वीकृत नक्शा नहीं लिया गया था। पुलिस भवन मालिक की भी तलाश कर रही है।

फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।

Popular Articles