पणजी, 1 सितंबर। गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 को मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस गोवा लौटना पड़ा। विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद पायलट ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत विमान को मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोपा पर सुरक्षित उतारा।
फ्लाइट ने सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई, जिसके बाद विमान को वापस एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने स्थिति को देखते हुए कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की। विमान ने करीब 9:51 बजे रनवे-28 पर सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान में कुल 229 यात्री सवार थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
IndiGo ने बताया कि उड़ान के कुछ ही समय बाद तकनीकी समस्या का पता चला था। पायलटों ने मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस एयरपोर्ट ले आए। विमान की फिलहाल आवश्यक मेंटेनेंस जांच और मरम्मत की जा रही है। जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है। घटना के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कुछ समय तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।




