Top 5 This Week

Related Posts

रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की महिलाओं को तोहफा, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने इसके लिए महिलाओं को शत-प्रतिशत किराया छूट देने का निर्णय लिया है।

यह पहली बार है जब रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को एक के बजाय लगातार दो दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है। शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मायके जाने वाली महिलाओं को राहत

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और अन्य रिश्तेदारों के घर जाती हैं। ऐसे में दो दिन तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें आर्थिक राहत के साथ आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

सरकार करेगी खर्च की भरपाई

शासनादेश के मुताबिक, महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर आने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार की भरपाई राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को आदेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

मुफ्त यात्रा की यह सुविधा 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में प्रदेश के भीतर यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए लागू होगी। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से मिलने के लिए सफर करने वाली हजारों महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

 

Popular Articles