Top 5 This Week

Related Posts

फ्लाइट रद होने पर UAE होटल ने पाकिस्तानियों को नहीं दी जगह? पूर्व पाक सांसद का दावा, सिर्फ भारतीय-अमेरिकी यात्रियों को ठहराया

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) नेता असद कैसर ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पाकिस्तानी यात्रियों के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाया है। कैसर का दावा है कि फ्लाइट रद होने के बाद यात्रियों को होटल में ठहराने की व्यवस्था की गई, लेकिन वहां केवल भारतीय और अमेरिकी पासपोर्ट धारकों को ठहरने की अनुमति दी गई।

कैसर ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में यह मामला उठाते हुए कहा कि वह खुद इस घटना के दौरान वहां मौजूद थे। उनके मुताबिक, उड़ान रद होने के बाद यात्रियों को होटल में ठहरने की जरूरत थी। इसी दौरान कथित तौर पर घोषणा की गई कि होटल में केवल भारत और अमेरिका के पासपोर्ट धारकों को ठहराया जाएगा, जबकि पाकिस्तानी यात्रियों के साथ अलग व्यवहार किया गया।

कूटनीतिक स्तर पर मामला उठाने की मांग

PTI नेता ने पाकिस्तान सरकार और विदेश मंत्रालय से इस मामले को UAE अधिकारियों के सामने कूटनीतिक माध्यमों से उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि UAE पाकिस्तान का करीबी देश है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से संबंध रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तानी नागरिकों के साथ कथित भेदभाव चिंता का विषय है।

कैसर ने यह भी कहा कि UAE में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी प्रवासी रहते हैं और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सरकार से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने और UAE प्रशासन से जवाब मांगने की अपील की।

दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं

कैसर के आरोप के बाद यह मामला पाकिस्तान में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, होटल द्वारा केवल भारतीय और अमेरिकी पासपोर्ट धारकों को ठहराने तथा पाकिस्तानियों को रोकने के दावे की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। UAE सरकार या संबंधित होटल की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब निगाह इस बात पर है कि पाकिस्तान सरकार इस मामले को UAE के समक्ष किस स्तर पर उठाती है और वहां से क्या जवाब मिलता है।

Popular Articles