Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, दिल्ली बैठक में जिम्मेदारियों के बंटवारे पर मंथन

नई दिल्ली। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में गुरुवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश संगठन की जिम्मेदारियां तय करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर चर्चा की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी विचार हुआ।

बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सैलजा के साथ उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की टीम में पदाधिकारियों के बीच काम का बंटवारा जल्द किया जाना है। बैठक में इसी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने पर मंथन हुआ।

24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव

कांग्रेस ने सात अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित की थी। गणेश गोदियाल के नेतृत्व वाली कार्यकारिणी में 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव नियुक्त किए गए हैं। अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन पदाधिकारियों को क्षेत्र और संगठन के हिसाब से जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी है।

पार्टी नेतृत्व का जोर संगठन को चुनावी मोर्चे पर सक्रिय करने और पदाधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने पर है। माना जा रहा है कि जिम्मेदारियों का बंटवारा होने के बाद प्रदेशभर में चुनावी गतिविधियों को और गति दी जाएगी।

SIR को लेकर भी रणनीति

बैठक में SIR प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन दर्ज की जा रही आपत्तियों का मुद्दा भी उठा। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़े इस अभियान को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं को आपत्तियों और मतदाता सूची से संबंधित मामलों पर सक्रिय भूमिका निभाने की दिशा में तैयार किया जा रहा है।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। चुनावी तैयारियों के बीच दिल्ली में हुई इस बैठक को संगठन को एकजुट कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जमीन मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Popular Articles