देहरादून। श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने बुधवार को भाजपा में वापसी कर ली। उनके साथ उनके पति एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी और नगर निगम के 10 पार्षदों ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का पार्टी में स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पिछले नगर निकाय चुनाव में कुछ कारणों से आरती भंडारी को पार्टी का टिकट नहीं मिल सका था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और श्रीनगर नगर निगम की पहली मेयर निर्वाचित हुईं। अब उनकी भाजपा में वापसी हुई है। भट्ट ने कहा कि पार्टी में शामिल होने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में अन्य लोग भी भाजपा से जुड़ेंगे।
आरती भंडारी के साथ भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली, मीना भारती, सोनू, भावना चौहान, अंजली भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र रावत और धर्म सिंह रावत समेत अन्य शामिल रहे। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार के कांग्रेस से भाजपा में आने की जानकारी भी सामने आई है।
आरती भंडारी ने वर्ष 2025 के नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हराकर श्रीनगर नगर निगम की पहली मेयर बनने का गौरव हासिल किया था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशा उपाध्याय को 1,639 मतों के अंतर से पराजित किया था।
मेयर समेत 10 पार्षदों और लखपत भंडारी के भाजपा में शामिल होने को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम से क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों के बदलने की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा इसे अपने संगठन और जनाधार के विस्तार के तौर पर देख रही है।





