Top 5 This Week

Related Posts

भारतीय मूल की पिया डांडिया ने जीता फ्लोरिडा डेमोक्रेटिक प्राइमरी, नवंबर में रिपब्लिकन कैंडिडेट से मुकाबला

वाशिंगटन। भारतीय मूल की अमेरिकी शिक्षाविद और पूर्व स्कूल प्रिंसिपल पिया डांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीत लिया है। मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने वकील कायस्या अर्ली को हराया। अब डांडिया का मुकाबला 3 नवंबर को होने वाले आम चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व मरीन केसि अस्कर से होगा।

डांडिया की जीत को दक्षिण फ्लोरिडा की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। यह सीट हालिया परिसीमन के बाद नया स्वरूप पाने वाले जिलों में शामिल है और इस चुनाव में कोई मौजूदा सांसद मैदान में नहीं है। डांडिया ने अपने अभियान में कामकाजी परिवारों के लिए जीवनयापन की लागत कम करने, भ्रष्टाचार से लड़ने और बेहतर सार्वजनिक सेवाओं पर जोर दिया है।

शिक्षा के क्षेत्र से राजनीति तक

भारत से अमेरिका आए माता-पिता की संतान डांडिया का जन्म और पालन-पोषण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के तौर पर की और बाद में हाई स्कूल प्रिंसिपल बनीं। शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के अलावा उन्होंने सार्वजनिक नीति और तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में भी जिम्मेदारियां संभाली हैं।

डांडिया ने जीत के बाद मतदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने यह चुनाव अपने विद्यार्थियों, अपने बेटे और जिले के उन बच्चों के भविष्य के लिए लड़ा है, जिन्हें बेहतर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब अभियान का अगला चरण कामकाजी परिवारों के हितों के लिए संघर्ष का होगा।

नवंबर में होगा निर्णायक मुकाबला

डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी ने डांडिया की जीत का स्वागत किया है और नवंबर के चुनाव में उनका समर्थन करने की घोषणा की है। दूसरी ओर, रिपब्लिकन पार्टी की ओर से केसि अस्कर ने 22वें जिले की प्राइमरी जीतकर अपनी जगह पक्की की है। वह पूर्व मरीन हैं।

अगर डांडिया नवंबर का आम चुनाव जीतती हैं, तो वह फ्लोरिडा से कांग्रेस में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई अमेरिकी प्रतिनिधि बन सकती हैं। ऐसे में नवंबर का मुकाबला उनके राजनीतिक करियर के साथ-साथ अमेरिकी राजनीति में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

Popular Articles