दुबई। उत्तराखंड के लोकगीतों और संस्कृति की खुशबू अब विदेशों में भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। दुबई में एक अनोखी शाम देखने को मिली, जहां एक क्लब को पूरी रात के लिए बुक कर सिर्फ पहाड़ी गीतों का आयोजन किया गया। पहाड़ी धुनें बजते ही क्लब में मौजूद लोग जमकर थिरकने लगे।
इस आयोजन को नई टिहरी निवासी और दुबई में रह रहे युवा प्रदीप पुंडीर ने साकार किया। वर्ष 2018 से दुबई में रह रहे प्रदीप हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में काम करने के साथ उत्तराखंड के संगीत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के प्रयास में जुटे हैं। वह हर साल दुबई में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिनमें उत्तराखंड के लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है।
इस बार भी किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने एक क्लब को एक दिन के लिए पूरी तरह बुक कर लिया। इसके बाद पूरी रात वहां पहाड़ी गीतों की धुनें गूंजती रहीं। लोगों ने गीतों पर नृत्य किया और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को करीब से महसूस किया। उत्तराखंड की अभिनेत्री नताशा की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। आयोजन को सफल बनाने में गीता पिलखवाल और दिव्यांशु नेगी ने भी सहयोग दिया।
प्रदीप का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, बोली, संगीत और संस्कृति को दुनिया के सामने गर्व के साथ प्रस्तुत करना है। उनका मानना है कि पहाड़ भले ही हजारों किलोमीटर दूर हो, लेकिन उसकी धुनें लोगों के दिलों तक पहुंचने में दूरी की मोहताज नहीं हैं।
आर्मी स्कूल लैंसडाउन से पढ़ाई करने वाले प्रदीप को बचपन से ही पहाड़ी संगीत पर नृत्य करने का शौक रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी डांस रील्स को लाखों व्यूज मिलते हैं। पत्नी के साथ उनका पहला डांस वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद ‘बिजुली…हे जी’ जैसे पहाड़ी गीतों पर उनके प्रदर्शन को खूब पसंद किया गया।
यह आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक खास पहल के रूप में सामने आया है।





