ज्योतिर्मठ (चमोली)। बदरीनाथ धाम में दो दिवसीय नर-नारायण महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रविवार को धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर भगवान नर-नारायण की उत्सव मूर्ति का महाभिषेक, पूजन, भोग और आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में जयकारों के बीच उत्सव डोली माता मूर्ति मंदिर के लिए रवाना हुई।
सुबह बदरीनाथ मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी की अगुवाई में संपन्न हुए। पूजा-अर्चना के बाद करीब सुबह 9:30 बजे भगवान नर-नारायण की उत्सव डोली को भक्तों के साथ माता मूर्ति मंदिर के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान नर-नारायण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
माता मूर्ति मंदिर पहुंचने के बाद नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी की ओर से भगवान नर-नारायण का महाभिषेक, पूजन और भोग अर्पित किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव के दौरान बदरीनाथ धाम में विभिन्न धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान नर और नारायण भगवान विष्णु के स्वरूप माने जाते हैं और बदरिकाश्रम में उनकी तपस्या से जुड़ी परंपरा सदियों पुरानी है। नर-नारायण उत्सव इसी धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष इस अवसर पर उत्सव मूर्ति की डोली यात्रा निकाली जाती है और विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
महोत्सव को लेकर बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर भक्तों की मौजूदगी से वातावरण आध्यात्मिक और उत्सवपूर्ण बना रहा।





