हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया में हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में नवनिर्मित पुल का लोकार्पण किया। करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 120 मीटर लंबा डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी अपने चोरगलिया दौरे के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंनेअधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मानसून में बढ़ जाती थी परेशानी
शेर नाला में बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने से हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर आवागमन अक्सर प्रभावित होता था। नाला उफान पर आने की स्थिति में यातायात बाधित होने से स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से मानसून के दौरान आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों को लाभ
डबल लेन पुल शुरू होने से चोरगलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ इस मार्ग से आने-जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों समेत कई लोग मौजूद रहे।





