Top 5 This Week

Related Posts

भारत-नेपाल और भूटान सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 54.74 लाख की नकली करेंसी जब्त

अल्मोड़ा। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा और 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की है। बल ने मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 52 पीड़ितों को भी मुक्त कराया है।

सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में रविवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में आईजी अमित कुमार ने SSB की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अब तक मानव तस्करी के 45 मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 32 मानव तस्करों को गिरफ्तार कर 52 पीड़ितों को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया।

आईजी ने बताया कि सीमांत मुख्यालय के जवानों ने कुल 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भारतीय और विदेशी नकली मुद्रा बरामद की है। इसके अलावा तस्करी के खिलाफ अभियान में 136 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और करीब 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ भी जब्त किया गया।

उन्होंने कहा कि SSB अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के साथ नक्सल विरोधी अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी, अमरनाथ यात्रा तथा आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी बल के जवान सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

आईजी अमित कुमार के अनुसार सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन किया जा रहा है। सुदूरवर्ती इलाकों में मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने, कौशल विकास कार्यक्रम चलाने और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है।

उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन व सिल्वर डिस्क, जबकि 11 कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।

SSB की इन कार्रवाइयों से सीमा क्षेत्रों में नकली मुद्रा, मादक पदार्थ और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।

 

Popular Articles