Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बारिश का कहर, नौ जिलों में येलो अलर्ट; भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल और रुद्रप्रयाग समेत नौ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई है। पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। 14 अगस्त को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यधिक तीव्र बारिश की संभावना भी जताई गई है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। संबंधित विभाग संभावित भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार हैं। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

 

Popular Articles