Top 5 This Week

Related Posts

चलती कार से रील बनाना पड़ा भारी, स्टंटबाजी पर पुलिस का सख्त एक्शन

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
मोटर मार्ग पर एक कार में सवार पर्यटक चलती गाड़ी की खिड़कियों से बाहर बैठकर खतरनाक तरीके से रील बना रहे थे। इस लापरवाही से न केवल उनकी अपनी जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी।

सूचना मिलते ही मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर जांच की। चेकिंग के दौरान कार के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी मिली, जिसे मौके पर ही हटवा दिया गया। साथ ही स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी चालान किया गया।

पूछताछ में पता चला कि कार सवार पर्यटक लखनऊ उत्तर प्रदेश से नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान यह खतरनाक हरकत कर रहे थे। पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा।

बॉक्स: एसएसपी की चेतावनी

“पर्यटन के नाम पर स्टंटबाजी नहीं होगी बर्दाश्त”

एसएसपी मंजू नाथ टी सी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन सड़क पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और रील बनाने के नाम पर जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में भारी चालान, वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।

Popular Articles