Top 5 This Week

Related Posts

दिनेशपुर में थाना दिवस में एसएसपी पहुंचे,लोगों से किया जनसंवाद, बंगाली समाज के लोगों से बांग्ला भाषा में किया जन संवाद,समस्याएं सुनीं और मौके पर ही किया समाधान

रुद्रपुर। जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने तथा शिकायतों के मौके पर ही पारदर्शी निस्तारण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। यह बात एसएसपी अजय गणपति ने थाना दिनेशपुर में आयोजित “थाना दिवस” में प्रतिभाग करने के दौरान कही। इस दौरान एसएसपी ने दूर-दराज से आए लोगों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना।

थाना दिवस में ग्रामीण और बुजुर्ग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, तो एसएसपी ने उनकी अपनी स्थानीय भाषा (बांग्ला) में बातचीत कर जवाब दिया। एसएसपी को अपनी ही भाषा में बात करता देख फरियादियों की हिचक दूर हो गई और उन्होंने बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं।

थाना दिवस में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान मुख्य रूप से यातायात एवं नशा संबंधी शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारी और मौजूद पुलिस अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि, “थाने आने वाले हर एक पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। जनता की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी।”

कार्यक्रम में एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, सीओ डीआर वर्मा, थानाध्यक्ष रविंद्र बिष्ट समेत क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

Popular Articles