हल्द्वानी। लगातार हो रही तेज बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था पर असर डालना शुरू कर दिया है। आईटीआई से रामपुर रोड और क्रियाशाला को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, आईटीआई के पास एक निर्माणाधीन परिसर की दीवार अचानक ढह गई, जिसके चलते सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल बैरिकेडिंग कर दी और आईटीआई-धानमिल मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया। फिलहाल वाहनों को क्रियाशाला से सीधे रामपुर रोड की ओर डायवर्ट कर सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परिसर के जिम्मेदारों को सड़क किनारे शीघ्र रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए, ताकि आगे किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
इसके साथ ही बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई पेयजल और विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने के भी निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे फिलहाल आईटीआई-धानमिल मार्ग पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
फिलहाल संबंधित विभाग क्षतिग्रस्त सड़क, पेयजल और विद्युत सुविधाओं को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।





