नई दिल्ली। फेस्टिव सीजन और अमेजन की ग्रेट इंडियन फेस्टिवल 2026 सेल के बीच ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। भारत, अमेरिका और ब्रिटेन में कंपनी के 1,000 से कम व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। कंपनी ने भी छंटनी की पुष्टि करते हुए इसे अपने कारोबार के ढांचे में बदलाव का हिस्सा बताया है।
स्टोर्स बिजनेस में सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, ताजा छंटनी मुख्य रूप से अमेजन के स्टोर्स बिजनेस में हुई है। इस इकाई के तहत कंपनी का प्रमुख ई-कॉमर्स कारोबार आता है। प्रभावित कर्मचारियों में कस्टमर सर्विस, सेलिंग पार्टनर सर्विसेज, मार्केटप्लेस सपोर्ट और रिटेल ऑपरेशंस से जुड़े इंजीनियरिंग पद शामिल हैं।
अमेजन के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने अपने स्टोर्स बिजनेस के कुछ हिस्सों के ढांचे में बदलाव किया है, ताकि संगठन को मौजूदा प्राथमिकताओं के अनुरूप बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके। हालांकि, कंपनी ने भारत में प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
बड़ी छंटनी के बाद फिर घटा कार्यबल
अमेजन में यह छंटनी ऐसे समय हुई है जब कंपनी पहले ही बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी है। पिछले वर्ष से जनवरी 2026 तक कंपनी ने करीब 30,000 कॉर्पोरेट नौकरियों में कटौती की थी। ताजा फैसला उस पुनर्गठन प्रक्रिया के जारी रहने का संकेत माना जा रहा है।
भारत में निवेश जारी
छंटनी के बावजूद अमेजन भारत में अपने कारोबार और तकनीकी ढांचे में निवेश जारी रखे हुए है। कंपनी ने मार्च में बेंगलुरु में करीब 11 लाख वर्ग फुट का नया कैंपस खोला था, जिसमें ई-कॉमर्स, पेमेंट्स, टेक्नोलॉजी और सेलर सर्विसेज से जुड़े 7,000 से अधिक कर्मचारियों के काम करने की क्षमता है। इसलिए ताजा छंटनी को भारत से कारोबार समेटने के बजाय कंपनी के भीतर संसाधनों और भूमिकाओं के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, यह छंटनी भारत में अमेजन की बड़ी ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल के दौरान सामने आई है, जिससे कंपनी के कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ी है।




