हल्द्वानी। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी भोटियापड़ाव क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर बैठाकर मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्रदीप सिंह बोरा, पुत्र केशर सिंह बोरा, निवासी ग्राम खूराट, सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा ने 28 जून को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 जून को दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनका मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नकद लूट लिए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 2 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी, निवासी राजपुरा निकट कुष्ठ आश्रम, तथा रवि रौतेला, निवासी फूलचौड़ पंचायतघर, के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल मुकेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।





