Top 5 This Week

Related Posts

कैंची धाम में नैनीताल पुलिस की ईमानदारी की मिसाल, तीस हजार नकदी व जेवरों से भरा पर्स लौटाकर जीता भरोसा

हल्द्वानी। पर्यटन सीजन और वीआईपी मूवमेंट के बीच सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाल रही नैनीताल पुलिस लगातार मानवता और ईमानदारी की मिसाल भी पेश कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम में ड्यूटी पर तैनात सीपीयू टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक बुजुर्ग महिला का खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाकर संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार, 28 जून को कैंची धाम में ड्यूटी पर तैनात सीपीयू टीम के उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह राणा एवं कांस्टेबल रोहित सिंह को सड़क किनारे लावारिस हालत में एक पर्स पड़ा मिला। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम ने पर्स को खोलकर जांच की तो उसमें तीस हजार की नगद धनराशि, सोने की कान की बालियां, एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले।

पुलिसकर्मियों ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स मालिक की तलाश शुरू की। पर्स में मिले आधार कार्ड के आधार पर महिला का संपर्क नंबर प्राप्त किया गया। संपर्क करने पर पता चला कि पर्स सोनाली देवी, निवासी हाउस नंबर-8, सी-ब्लॉक, सेक्टर एम यू गौतम बुद्ध नगर, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) का है। वह बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम आई थीं और दर्शन के दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया था।

पुलिस टीम ने महिला को मौके पर बुलाकर उनका पर्स, जिसमें नकदी, आभूषण और सभी दस्तावेज सुरक्षित थे, सकुशल सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर बुजुर्ग महिला भावुक हो उठीं।

सुश्री सोनाली देवी ने नैनीताल पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नैनीताल पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की भी सच्ची प्रहरी है।

Popular Articles