केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान से इस्तीफा देने की मांग
रुद्रपुर। शनिवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने देश में लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक,परीक्षाओं के निरस्तीकरण,भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के विरुद्ध प्रभावी हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कांग्रेसियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान से इस्तीफे की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि देश का युवा गंभीर शिक्षा एवं रोजगार संकट से गुजर रहा है। वर्षों की कठिन मेहनत और अथक परिश्रम के बावजूद लाखों छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षार्थी लगातार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब तथा नकल माफिया के सक्रिय नेटवर्क के कारण निराशा और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीबीएसई, विभिन्न लोक सेवा आयोगों तथा अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। बार-बार परीक्षाओं का निरस्त होना और वर्षों तक भर्तियों का लंबित रहना लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। इससे योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। इन परिस्थितियों का प्रभाव युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उत्तराखंड के देहरादून की प्रतिभाशाली छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद आत्महत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का संकट केवल प्रशासनिक विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य और करोड़ों युवाओं की आशाओं से जुड़ा प्रश्न है। कांग्रेसियों ने आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।





