हल्द्वानी। शहर में चोरी की वारदातों ने अब एक नया और हैरान करने वाला मोड़ ले लिया है। जहां पहले चोरों की नजर दुकानों और मकानों में रखे कीमती सामान पर रहती थी, वहीं अब कपड़ों पर भी चोरों की पैनी नजर पड़ने लगी है। हालात ऐसे हैं कि लोग अब जेवर और नकदी से ज्यादा अपने सूखते कपड़ों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला वार्ड नंबर 9, आनंदपुरी महेश नगर का है, जहां बीती देर रात एक अज्ञात व्यक्ति घरों में घुसकर कपड़े चुराता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी बड़े आराम से कपड़े समेटता नजर आ रहा है, मानो किसी शोरूम में पसंद का कलेक्शन चुन रहा हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर का आत्मविश्वास देखकर ऐसा लग रहा है जैसे वह पुलिस और गृहस्वामियों दोनों को खुली चुनौती दे रहा हो। क्षेत्र में चर्चा है कि शहर में कोई “कपड़ा चोर गैंग” सक्रिय हो चुका है, जो खास तौर पर रात के अंधेरे में कपड़ों को निशाना बना रहा है।
इस घटना के बाद लोगों में दहशत के साथ-साथ हास्य का माहौल भी है। कोई कह रहा है कि अब कपड़े सुखाने से पहले ताला लगाना पड़ेगा, तो कोई मजाक में “कपड़ा सुरक्षा बीमा” कराने की सलाह दे रहा है।
पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाएं और सतर्क रहें, ताकि आगे कोई बड़ी घटना रोकी जा सके।
फिलहाल हल्द्वानी में सवाल यही है— अगला नंबर किसकी शर्ट, पैंट या बनियान का होगा?





