देहरादून।
भाजपा उत्तराखंड संगठन आज बुधवार को राजधानी में प्रदेश कार्यशाला आयोजित करने जा रहा है। पार्टी की यह कार्यशाला 2027 के विधानसभा चुनावों में सत्ता की हैट्रिक दोहराने की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खास बात यह है कि इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष स्वयं मौजूद रहकर दिशा-निर्देश देंगे।
शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद
कार्यशाला राजधानी देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में होगी। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के अलावा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार सहित नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
मिशन 2027 पर फोकस
प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य एजेंडा 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की तीसरी बार जीत सुनिश्चित करना है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नई कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यशाला में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नई जनप्रतिनिधियों की टीम को सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर विशेष फोकस किया जाएगा। साथ ही संगठन के सभी प्रकोष्ठों और मोर्चों की इकाइयों के गठन पर भी मंथन होगा।
नई टीम की सक्रियता
प्रदेश की नई कार्यकारिणी इस कार्यशाला के बाद पूरी तरह मिशन 2027 की तैयारियों में जुट जाएगी। पार्टी का लक्ष्य है कि प्रत्येक बूथ को सक्रिय और प्रभावशाली बनाया जाए ताकि आने वाले चुनावों में भाजपा को मजबूती मिले।
सेवा पखवाड़ा भी जारी
इस बीच कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन अवसर पर जारी “दैवीय आपदा सेवा पखवाड़ा” में जुटे हुए हैं। महेंद्र भट्ट ने कहा कि जहां सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनता को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।





